शटर तोड़कर लाखों की चोरी

पांवटा साहिब (सिरमौर)। रविवार देर रात को पांवटा के बाई प्वाइंट के समीप एक दुकान से लाखों का सामान चोरी हो गया। दुकान का शटर उखाड़ कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। इसमें 20 लैपटॉप समेत कंप्यूटर का सामान उड़ा लिया गया। शटर टूटा मिलने पर सुबह चोरी की वारदात का पता चला। सूचना मिलने पर डीएसपी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
मिली जानकारी के अनुसार देहरादून-पांवटा एनएच-72 मार्ग पर बाई प्वाइंट के समीप प्रीमियर ओवरसीज कंप्यूटर के सामान की दुकान है। दुकान के मालिक अंशुल गोयल ने बताया कि सुबह साढ़े नौ बजे के करीब दुकान पर पहुंचे। दुकान की शटर के ताले टूटे पड़े थे। इसके बाद डीएसपी व पांवटा पुलिस थाने में सूचित कर दिया गया। युवा व्यवसायी ने बताया कि चोरों ने दुकान का ताला तोड़ र करीब 20 लैपटॉप, पैन ड्राइव समेत कंप्यूटर संबंधित सामान चोरी किया गया है। अभी चोरी हुए सामान की सूची तैयार की जा रही है। करीब 10 लाख से ज्यादा सामान चोरी हुआ है। पांवटा पुलिस टीम ने मौके पर आकर तफ्तीश शुरू कर दी है। दुकान के संचालक से चोरी हुए सामान की सूची मांगी गई है।
उधर, डीएसपी पांवटा नरवीर सिंह ने चोरी की पुष्टि की है। डीएसपी ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पांवटा के आसपास क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाएंगे। देर रात को संदिग्ध घूमने वालों पर भी चौकस नजर रखी जाएगी।

Related posts