
नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। नगरोटा बगवां के निकट समलोटी में एक निजी स्कूल की छत से गिरकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार रतन चंद पुत्र चंदो राम निवासी समलोटी शटरिंग का काम करता था। वीरवार को वह एक निजी विद्यालय में लगाई गई शटरिंग को उतार रहा था। शटरिंग उतारते समय शटरिंग उस पर गिरी, जिससे वह व्यक्ति जमीन पर आ गिरा। गंभीर रूप से घायल रतन चंद को तुरंत टांडा मेडिकल कालेज ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। नगरोटा बगवां पुलिस थाना के एएसआई नरेश कुमार की अगुवाई में मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने इस घटना का जायजा लेकर मामले के कारणों की जांच आरंभ कर दी है।
