
धर्मशाला। विकास खंड नगरोटा सूरियां की एक ग्राम पंचायत के प्रधान को पंचायती राज विभाग ने सस्पेंड कर दिया है। प्रधान पर गैर कानूनी तरीके से अपनी पत्नी और भाई को नौकरी दिलाने के आरोप लगे हैं। पंचायत के निवासी जयकरण ने नियुक्तियों पर आपत्ति जताते हुए पंचायत प्रधान की शिकायत विभाग को लिखित रूप में सौंपी थी। इसके बाद पहली अक्तूबर 2013 को पंचायती राज विभाग ने प्रधान को कारण बताओ नोटिस भेजा। इसका विभाग ने दस दिनों के भीतर जबाव मांगा था। प्रधान तमाम आरोपों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं कर पाए। इसके चलते पंचायत प्रधान को पंचायती राज विभाग ने सस्पेंड कर दिया। पंचायती राज विभाग के अनुसार प्रधान ने अपनी पत्नी को अंशकालीन जलवाहक के पद पर रखा है। भाई को भी विद्या उपासक के पद पर नौकरी दिलाई है। इससे पंचायत में पात्र बेरोजगारों की अनदेखी हुई। जिला पंचायत अधिकारी राजेंद्र सिंह धीमान ने बताया कि पंचायत के प्रधान को सस्पेंड कर दिया है। उन्होंने बताया कि प्रधान ने गैर कानूनी तरीके से अपने भाई और पत्नी को नौकरी दिलाई थी। इससे पंचायत के पात्र बेरोजगारों को नौकरी नहीं मिल पाई। प्रधान पर लगे तमाम आरोप सही पाए गए हैं।
