शंकरदेव का सुराग लगाने पहुंची सीबीआई

हरिद्वार। बाबा रामदेव के गुरु शंकर देव की तलाश में सीबीआई दिल्ली की टीम दोबारा हरिद्वार पहुंच गई है। सोमवार को टीम ने संन्यास रोड स्थित एक आश्रम के स्वामी से पूछताछ की। टीम ने करीब एक घंटे तक स्वामी से बातचीत की। इसके बाद कनखल स्थित कृपालु बाग आश्रम की भी टोह ली।
बाबा रामदेव के गुरु स्वामी शंकर देव 14 जुलाई 2007 को संदिग्ध परिस्थितियों में कनखल स्थित कृपालु बाग आश्रम से लापता हो गए थे। 16 जुलाई 2007 को आचार्य बालकृष्ण ने कनखल थाने में मुकदमा दर्ज कराया था लेकिन, 2012 में कनखल पुलिस ने मुकदमे में फाइनल रिपोर्ट लगा दी थी। इस बीच राज्य सरकार ने मामले की सीबीआई जांच की संस्तुति की। सीबीआई दिल्ली की टीम बाबा रामदेव के गुरु स्वामी शंकरदेव की तलाश में दो बार पहले भी हरिद्वार आ चुकी है। इस दौरान उन्होंने बाबा हठयोगी सहित कई संतों से बातचीत की थी। सोमवार को एक बार फिर सीबीआई की टीम हरिद्वार पहुंची। सीबीआई के दो सीनियर अधिकारियों ने सुबह करीब 11:30 बजे संन्यास रोड स्थित एक आश्रम के स्वामी कमलानंद से सीबीआई की टीम ने करीब एक घंटे पूछताछ की। इसके बाद सीबीआई का काफिला कृपालु बाग आश्रम की ओर मुड़ गया। सूत्रों के मुताबिक सीबीआई टीम ने कनखल आश्रम की भी टोह ली।

शंकर देव मामले की जांच अभी चल रही है। केस के सिलसिले में सीबीआई टीम हरिद्वार आती-जाती रहती है।

Related posts