
रोहडू। व्यापार मंडल रोहडू के अध्यक्ष का चुनाव 28 जुलाई को होगा। रविवार को व्यापारियों ने बैठक आयोजित कर सर्वसम्मति से चुनाव की तिथि तय की है। व्यापार मंडल चुनाव का प्रभारी ज्ञान सिंह को बनाया गया है। रविवार को व्यापार मंडल रोहडू की बैठक वन विभाग के विश्राम गृह में हुई। इसमें सर्वसम्मति से सभी व्यापारियों ने चुनाव की तिथि निर्धारित की। व्यापार मंडल चुनाव में 14 और 15 जुलाई को नामांकन भरे जाएंगे। सोलह जुलाई को नामांकन पत्राें की छंटनी होगी। 17 जुलाई को नाम वापसी का अंतिम दिन होगा। 28 जुलाई को व्यापार मंडल अध्यक्ष पद के लिए मतदान होगा। इसके लिए ज्ञान सिंह को चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है। चुनाव प्रभारी कुछ दिनों के भीतर एक कमेटी का गठन करेगा। नियमानुसार कमेटी के सदस्य चुनाव नहीं लड़ सकेंगे। चुनाव से पहले सभी व्यापारियों का पंजीकरण कर उनके पहचान पत्र बनाने का कार्य कमेटी करेगी। साथ ही चुनाव भी कमेटी की देखरेख में ही होंगे। रोहडू व्यापार मंडल में व्यापारी सदस्यों की संख्या एक हजार से अधिक है। व्यापार मंडल अध्यक्ष रोशन लाल बांश्टू ने बताया कि बैठक आयोजित कर सर्वसम्मति से व्यापारियों ने चुनाव की तिथि 28 जुलाई निर्धारित की है। बैठक में पंकज सूद, अशोक चौहान, अशोक मुलतानी, शशीपाल, डिंपल मल्होत्रा, हरि सिंह नेगी, राम सिंह नेगी, सुमेश चौहान, प्रेम प्रकाश सहित भारी संख्या में व्यापारी उपस्थित थे।
