व्यापारियों ने किया बैठक का बहिष्कार

रुद्रपुर। बैठक का बहिष्कार कर व्यापारियों ने सेल्स टैक्स विभाग की ई-रिटर्न व्यवस्था का विरोध किया। व्यापारियों ने कहा कि उन्हें कंप्यूटर चलाना नहीं आता है। शनिवार को मंडी सभागार में व्यापारियों को ई-रिटर्न की जानकारी देने को वाणिज्य कर विभाग ने बैठक बुलाई थी। व्यापारियों को नई व्यवस्था के बारे में बताने के लिए देहरादून से डिप्टी कमिश्नर (माड्यूल लीडर) एसएस त्रिरुआ आए हुए थे। इसके अलावा ज्वाइंट कमिश्नर एचएस नबियाल, एसी एनसी शर्मा, डीसी बीएम पंत, एसी अनूप गुप्ता, एनके श्रीवास्तव, सुमन जंगपांगी,पीपी शुक्ला, सीटीओ पूजा पांडे, तारा बिष्ट आदि विभागीय अधिकारी व्यापारियों के नए प्रारूप से अवगत कराने को मौजूद थे। जैसे ही बैठक शुरू हुई बैठक में मौजूद प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल से जुड़े व्यापारियों ने हंगामा काटना शुरू कर दिया। नगर अध्यक्ष संजय जुनेजा समेत अन्य व्यापारियों का कहना था कि उन्हें न तो कंप्यूटर चलाना आता है और न ही सभी के पास कंप्यूटर है। कहा कि विभाग ने यदि नई व्यवस्था को उनपर थोपने की कोशिश की तो व्यापारी आंदोलन को बाध्य होंगे। अधिकारियों के समझाने के बाद भी व्यापारी नहीं माने और बैठक का बहिष्कार करते हुए चले गए। नगर अध्यक्ष संजय जुनेजा ने कहा कि विभाग की मनमानी को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मौके पर हरीश अरोरा, मनोज छावड़ा,पंकज सेतिया,मनीष फुटेला, राजेंद्र श्रीधर, काका नारंग,समीर चतुर्वेदी, लवली हुड़िया, पवन गावा, विजय सिडाना,राजेश कामरा, दीपक गुगलानी, राजू अरोरा, गुलशन बठला,राकेश अग्रवाल,करमपाल सहित तमाम व्यापारी मौजूद थे।

Related posts