व्यवसायी का पुत्र लापता, पुलिस में हड़कंप

हल्द्वानी। एक व्यवसायी का पुत्र घर से लापता हो गया है। किसी ने फोन पर उसके अपने पास होने की सूचना दी थी। लेकिन बाद में उसने फोन उठाना बंद कर दिया। सूचना के बाद पुलिस में हड़कंप मचा हुआ है। गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है। घटना चौकी लामाचौड़ के मैत्री विहार की है।
पुलिस के अनुसार कालाढूंगी के व्यवसायी नरेश सती का परिवार मैत्री विहार में किराए पर रहता है। उनका बेटा अक्षत सती (10) बुधवार शाम घर से बिना बताए कहीं चला गया। काफी देर तक वह वापस नहीं आया तो परिजनों ने उसकी तलाश की। न मिलने पर रात करीब नौ बजे उसकी गुमशुदगी लामाचौड़ चौकी में दर्ज करवाई गई। गुमशुदगी दर्ज करने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी। इसी बीच किसी ने परिजनों को फोन किया कि उनका बेटा उसके पास है और वह उसे वापस कर देगा। उन्होंने उसे बेटे के बदले इनाम देने की बात भी कही। लेकिन उसके बाद से ही फोन वाले ने उनका फोन उठाना बंद कर दिया। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और फोन नंबर वाले की तलाश की। लेकिन फोन नंबर वाले से पूछताछ के बाद भी किशोर का पता नहीं चला है। परिजन और पुलिस उसको लेकर काफी परेशान हैं। कोतवाल उत्तम सिंह जिमिवाल ने बताया कि किशोर अपनी मर्जी से घर से निकला था। वह निकलते वक्त घर से दो हजार रुपये भी ले गया। उसकी तलाश की जा रही है।

Related posts