व्यक्ति को खुद की बंदूक से लगी गोली, हालत गंभीर

पधर (मंडी)। जान की हिफाजत के लिए कंधे पर उठाई बंदूक की गोली चलने से खुद की ही जान मुश्किल में पड़ गई। उपमंडल की ग्राम पंचायत बथेरी के जुलाग गांव में अपनी ही बंदूक से व्यक्ति को गोली लग गई। इस हादसे में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पधर अस्पताल से चिकित्सकों ने उसे जोनल अस्पताल मंडी रेफर कर दिया है। गोली पीठ पर लगी है, जिससे हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर बंदूक को कब्जे में ले लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जुलाग निवासी सरन सिंह पुत्र टेंहकू राम अपने खेतों में पहरा दे रहा था। उसके पास लाइसेंसशुदा अपनी बंदूक है। बुधवार दोपहर वह अपने खेतों में जंगली जानवरों से फसल की रखवाली कर रहा था। सुरक्षा के लिए उसने लाइसेंसशुदा बंदूक कंधे पर लटका रखी थी। अचानक पांव फिसल जाने से वह नीचे गिर गया। इस बीच बंदूक का ट्रिगर दब गया तथा गोली सीधे उसकी पीठ पर जा लगी। घटना के बाद परिजनाें ने उसे 108 एंबुलेंस से पधर अस्पताल पहुंचाया। जहां से उसे क्षेत्रीय अस्पताल मंडी रेफर कर दिया। घायल सरन सिंह का जोनल अस्पताल में उपचार चल रहा है। हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना की पधर पुलिस थाना प्रभारी ने पुष्टि की है। पधर पुलिस थाना प्रभारी संजीव सूद ने बताया कि सरन सिंह की बंदूक से चली गोली उसकी पीठ पर लगी है। बंदूक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है, जिसका लाइसेंस सरन सिंह के नाम पर ही है। पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।

Related posts