वोल्टेज बढ़ने से पूलन में जले एक दर्जन टीवी

भरमौर (चंबा)। उपमंडल भरमौर की ग्राम पंचायत पूलन में अचानक बिजली की वोल्टेज बढ़ने से करीब एक दर्जन टीवी जल गए हैं। इसके अलावा 70 बल्ब फ्यूज हो गए हैं। यही नहीं, अन्य विद्युत उपकरणों को भी खासा नुकसान हुआ है। शनिवार को दोपहर डेढ़ बजे पूलन पंचायत में ग्रामीण भारत-आस्ट्रेलिया के बीच चल रहे एक दिवसीय मैच का लुत्फ उठा रहे थे कि अचानक बिजली की वोल्टेज बढ़ गई। इस कारण एक दर्जन की क रीब महंगे टीवी जल गए। इसके अलावा दर्जनों महंगे उपकरण भी जल गए हैं। स्थानीय निवासी पवन, बंटी, केवल, हुकमी चंद, किशोरी, दिलबर, शिव कुमार व आत्मा राम ने बताया कि विद्युत उपकरण जलने के कारण उन्हें हजारों रुपये का नुकसान हो गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अकसर बिजली की समस्या रहती है। कभी वोेल्टेज कम हो जाती है तो कभी अचानक वोल्टेज बढ़ जाती है। इस कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बिजली बोर्ड से मांग की है कि क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति सुचारू की जाए। उधर, बिजली बोर्ड सर्कल लाहल के कनिष्ठ अभियंता ओम प्रकाश ने बताया कि लाइन में तकनीकी खराबी आने के कारण वोल्टेज बढ़ गई थी। उन्होंने कहा कि लाइन को ठीक करवा दिया गया है।

Related posts