वोटर लिस्ट बनाने में न हो चूक : चुनाव आयुक्त

पिथौरागढ़। राज्य निर्वाचन आयुक्त हरीश चंद्र जोशी ने कहा कि मतदाता सूची बनाने में पूरी सावधानी बरती जाए। अधिकारियों की बैठक में उन्होंने कहा कि 18 वर्ष और उससे अधिक के हर व्यक्ति को अनिवार्य रूप से मतदाता के रूप में दर्ज किया जाए। साथ ही बाहर रहने वाले लोगों के नाम किसी भी रूप से इसमें शामिल न हो। मतदाता सूची का अंतिम रूप से प्रकाशन 12 जून को होगा।
आयुक्त ने त्रिस्तरीय पंचायतों के चुनाव निर्धारित समय पर होने के मद्देनजर तैयारी पुख्ता रखने के निर्देश दिए। पूर्व की तरह ही चुनाव के तीन चरणों में होने की बात कही गई। सितंबर माह में चुनाव की संभावना के मद्देनजर मौसम विभाग और आपदा राहत विभाग से भी समन्वय बनाने पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी डा. नीरज खैरवाल ने पंचायती चुनावों की तैयारियों के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक वीकेएस कार्की ने सुरक्षा के लिए होमगार्ड्स के जवानों की जरूरत बताई।
बैठक में सहायक निर्वाचन आयुक्त अजीत सिंह, अनुभाग अधिकारी बीपी कोठारी, अपर जिलाधिकारी बीएल राणा, एसडीएम नरेश दुर्गापाल, बीएस फोनिया, एके शुक्ला, प्रमोद कुमार, जय भारत सिंह, डीआईओ एनएस बिष्ट, बीडीओ और सभी तहसीलदार मौजूद थे।

Related posts