
सरकाघाट (मंडी)। आबकारी एवं कराधान विभाग ने सरकाघाट उपमंडल और हमीरपुर सीमा के साथ लगते स्थानों पर छापेमारी कर टैक्स चोरी के मामले में एक ट्रक को कब्जे में लिया है। इसमें विभागीय टीम ने व्यापारी से एक लाख रुपये का जुर्माना वसूला।
विभागीय अधिकारी पिछली तिमाही में सरकाघाट उपमंडल और सीमा से लगते हमीरपुर जिले में छापेमारी करके करीब दस लाख का राजस्व वसूल चुके हैं। इसी अभियान के तहत शनिवार को आबकारी विभाग के अधिकारियों ने ईटीओ प्रीतपाल सिंह की अगुवाई में हमीरपुर के चंदरूही कस्बे में विभागीय टीम ने दबिश दी। यहां विभागीय टीम ने चार लाख रुपये के सरिया से भरे एक ट्रक को कब्जे में लिया। दस्तावेजों की पड़ताल की गई तो पाया कि चार लाख के सरिये का आनलाइन डिक्लेरेशन नहीं भरा गया था। इस पर विभाग की टीम ने मौके पर ही व्यापारी से एक लाख जुर्माना वसूल कर लिया।
ईटीओ प्रीतपाल सिंह ने बताया कि सरिये से भरे ट्रक का आनलाईन डिक्लेरेशन नहीं था। 30 हजार से ऊपर का सामान होने पर वैट फार्म नंबर 26 भरना जरूरी होता है। सहायक आबकारी एवं कराधान आयुक्त राकेश भारतीय ने बताया कि टैक्स चोरी करने वालाें को बक्शा नहीं जाएगा। 15 दिन में विभाग टैक्स चोरी पर चार लाख का जुर्माना वसूल कर चुका है।
