
शिमला। कालयोग सेवा ट्रस्ट ने वेस्ट खाना जमा करने के लिए शहर में जगह-जगह फूड कलेक्शन बॉक्स लगाने की योजना तैयार की है। इन बॉक्स में जमा होने वाले खाने को ट्रस्ट के लोगों द्वारा प्रतिदिन जमा कर हरि गऊ सदन सुन्नी में पहुंचाया जाएगा। पायलट प्रोजेक्ट के तहत माल रोड, कालीबाड़ी मंदिर के पास और छोटा शिमला वार्ड में छह बॉक्स लगाए जाएंगे। सेवा ट्रस्ट ने नगर निगम से बॉक्स स्थापित करने के लिए आवेदन किया है। निगम ने सेवा ट्रस्ट को बॉक्स के डिजाइन दिखाने को कहा है। नगर निगम से अगर इस योजना के लिए हरी झंडी मिल जाती है तो स्थानीय लोगों को घर बैठे गाय की सेवा करने का मौका मिल जाएगा।
सेवा ट्रस्ट के ट्रस्टी विजय शर्मा ने बताया कि अधिकांश लोग बचे खाने को कुत्तों और बंदरों को देते हैं या कूड़ेदान में फेंक देते हैं। सेवा ट्रस्ट ने इस संदर्भ में एक पहल करते हुए वार्डों में फूड कलेक्शन बॉक्स लगाने का फैसला लिया है। इन बॉक्सों में लोग एक बटन दबाकर अपने घर से लाया खाना डाल सकेंगे। यह बॉक्स आधुनिक होंगे। इसमें खाना खराब नहीं होगा। ट्रस्ट के सदस्य रोजाना इन बॉक्सों को खाली कर खाने को सुन्नी स्थित हरि गऊ सदन में पहुंचाएंगे। गऊ सदन में रखी गई गऊओं को यह खाना दिया जाएगा। विजय शर्मा ने बताया कि बॉक्स लगाने और यहां से खाना ले जाने का सारा खर्च ट्रस्ट ही उठाएगा। उधर, महापौर संजय चौहान ने बताया कि प्रस्ताव पर चर्चा करने के बाद आगामी फैसला लिया जाएगा।
