
शिमला। आज से राजधानी के लोगों का सफर और सुविधाजनक हो जाएगा। वेलेंनटाइन के दिन हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम ओल्ड बस स्टैंड से आईएसबीटी के लिए 75 बसों की सेवा शुरू करेगा। पंथाघाटी, न्यू शिमला, संजौली, छोटा शिमला, कसुम्पटी उपनगरों से आने वाली सरकारी बसें अब ओल्ड बस स्टैंड से सीधे आईएसबीटी तक जाएंगी। यानी उपनगरों से आईएसबीटी के लिए सीधी बस सेवा मिलेगी। परिवहन निगम की बसों को संचालित करने के लिए सिटी ऑपरेशन इंचार्ज के कार्यालय को भी आईएसबीटी शिफ्ट कर दिया गया है। निगम के मंडलीय प्रबंधक अनिल सेन ने नई व्यवस्था लागू करने की पुष्टि की है।
सभी बसों का समय सुबह सात बजे से रात दस बजे तक रहेगा। अब तक ये बसें केवल ओल्ड बस स्टैंड तक ही चलती थीं। इसके बाद आईएसबीटी जाने के लिए यात्रियों को टैक्सी या फिर काफी देर तक बस का इंतजार करना पड़ता था। इस फैसले के लागू होने से लोगों को अब आईएसबीटी जाने के लिए बस नहीं बदलनी पड़ेगी।
————–
शटल बस सुविधा भी रहेगी जारी
ओल्ड और न्यू बस स्टैंड (आईएसबीटी) के बीच चलने वाली तीन ग्रीन शटल बसें पहले की तरह चलती रहेंगी। इसमें निगम प्रबंधन ने कोई बदलाव नहीं किया है।
———-
निर्धारित रूट पर ही चलेंगी निजी बसें
शहर के भीतर चलने वाली निजी बसों के रूट में कोई बदलाव नहीं हुआ है। ये पहले की तरह ही उप नगरों से ओल्ड बस स्टैंड के बीच चलती रहेंगी।
———
ओल्ड बस स्टैंड से ही चलेंगी लोकल बसें
राजधानी शिमला के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों घणाहट्टी, धामी, शोघी जैसे 40 किलोमीटर के दायरे में आने वाले क्षेत्रों को जाने वाली बसें पहले की तरह ओल्ड बस स्टैंड से ही चलेंगी।
———
सवारियाें को चढ़ाने-उतारने के लिए रुकेंगी बसें
परिवहन निगम की सिटी सर्विस में लगी बसें ओल्ड बस अड्डे में सिर्फ सवारियाें को चढ़ाने और उतारने के लिए ही रुकेंगी। इसके बाद वे सीधे आईएसबीटी निकल जाएंगी।
