वेबसाइट पर लाइव दिखेगी मतदान प्रक्रिया

मंडी। प्रदेश के सबसे बड़े मंडी संसदीय क्षेत्र में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव करवाने के लिए चुनाव आयोग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। पहली बार देश और प्रदेश की जनता को लाइव मतदान दिखाने की भी व्यवस्था की गई है। 7 मई को 16वीं लोकसभा के लिए होने वाले मतदान की निगरानी के लिए 61 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए हैं। इनमें मंडी जिले में 20, कुल्लू में 24, किनौर में 6, लाहुल-स्पीति में 3, रामपुर में 3 और भरमौर में 5 सेक्टर मजिस्ट्रेट लगाए हैं। तीन सामान्य पर्यवेक्षक भी मतदान प्रक्रिया पर नजर रखेंगे। 36 मतदान केंद्रों का एक साथ वेबकास्ट होगा। लोग चुनाव आयोग की वेबसाइट पर जनजातीय क्षेत्र भरमौर, पांगी, लाहुल-स्पीति और किन्नौर में होने वाले मतदान का भी नजारा देख सकेंगे। मतदान प्रक्रिया के लिए पूरे संसदीय क्षेत्र में 224 सेक्टर आफिसर तैनात किए हैं।
इनमें मंडी जिले के नौ हलकों में 91, कुल्लू में 52, किनौर में 27, लाहुल-स्पीति में 14, रामपुर में 18 और भरमौर में 22 सेक्टर आफिसर लगाए हैं। 44 मॉडल पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। इसके अलावा पीने के पानी और स्वच्छ शौचालय की सुविधा भी उपलब्ध होगी। मंडी जिले के नौ विस हलकों में 17, कुल्लू जिले के चार हलकों में 17, किनौर में 6, लाहुल में 1, रामपुर में 2 और भरमौर में 1 मॉडल पोलिंग स्टेशन बनाया है। जिले में 11, कुल्लू में 13, किनौर में 6, लाहुल-स्पीति और रामपुर में 1-1 तथा भरमौर में 4 वेबकास्ट सेंटर बनाए हैं।

मतदान की तैयारियां पूरी
निष्पक्ष एवं स्वतंत्र मतदान के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। लोगों से आग्रह किया कि वे भारी संख्या में आकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें। इस बार जनजातीय क्षेत्र में होने वाले मतदान का नजारा भी देश की जनता को देखने को मिलेगा। इसके लिए चुनाव आयोग की तरफ से व्यापक प्रबंधक किए गए हैं।
-देवेश कुमार, मंडी संसदीय क्षेत्र के निर्वाचन अधिकारी

Related posts