वेतन की मांग को लेकर सीटू का प्रदर्शन

रोहडू। सावड़ा कुड्डू परियोजना में सोमवार को सीटू के मजदूरों ने जमकर हल्ला बोला। सुरंग निर्माण में लगे करीब पांच सौ मजदूरों को दो माह से वेतन का भुगतान न होने पर सीटू ने एचपीपीसीएल कार्यालय के बाहर धरना दिया। इस दौरान मजदूरों ने कार्यालय के बाहर जमकर नारेबाजी भी की।
वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष राकेश कोटवी ने बताया कि सावड़ा कुड्डू परियोजना में करीब पांच सौ मजदूर सुरंग निर्माण का कार्य कर रहे हैं। देश के विभिन्न राज्यों से मजदूर अपने परिवारों के साथ आए हैं। उनके बच्चे भी यहीं स्कूलों में पढ़ रहे हैं। वेतन न मिलने के कारण मजदूरों को आर्थिक तंगी से दो चार होना पड़ रहा है। परियोजना प्रबंधन के साथ हर माह नियमित वेतन देने का लिखित समझौता भी हुआ है। बावजूद इसके मजदूरों को अप्रैल तथा मई के वेतन का भुगतान अभी तक नहीं किया गया है। परियोजना प्रबंधन मजदूरों की मांगो को अनदेखा कर रहा है। एक वर्ष से टनल निर्माण का कार्य बंद पड़ा है, इसलिए मजबूरन मजदूरों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है। सोमवार को मजदूरों ने एचपीपीसीएल के कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया। चेतावनी दी है कि अगर तीस जून तक वेतन का भुगतान नहीं किया गया तो मजदूरों को मजबूरन चक्का जाम करना पड़ेगा। इस दौरान यूनियन के महासचिव अजय दुल्टा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संसार खलास्टा, सहसचिव अशोक, रजनीश, उपाध्यक्ष सुशील दुल्टा, राजीव राय, जसवंत खलास्टा, देविंद्र वर्मा, विजेंद्र दुल्टा, सुरेश, विजय, प्रकाश जिंटा, हरविंद्र दुल्टा, मोहन लाल, अव्वल चतरांटा, लोकिंद्र, विजय कोटवी, लेख राज, सुरेंद्र, वेद प्रकाश जिंटा सहित भारी संख्या में मजदूर उपस्थित थे।

Related posts