
बिलासपुर। जिला अराजपत्रित कर्मचारी संघ ने कर्मचारियों को 4-9-14 का वेतनमान देने में हो रही देरी पर गहरा रोष जताया है। संघ ने सभी विभागाध्यक्षों से कर्मचारियों को 15 दिनों के भीतर वेतनमान देने के लिए कारगर प्रयास करने का आग्रह किया है। साथ ही चेतावनी भी दी है कि इस मामले में ढुलमुल रवैया अपनाने वाले अधिकारियों के खिलाफ संघर्ष का बिगुल बजा दिया जाएगा।
शनिवार को जिला अध्यक्ष अनिल चड्ढा की अध्यक्षता में एनजीओ भवन में आयोजित बैठक में कई अन्य मुद्दों पर भी विचार विमर्श किया गया। पेंशन कम्युटेशन को 40 से घटाकर 20 फीसदी करने का पुरजोर विरोध करते हुए सरकार से इस फैसले पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया गया। विभिन्न विभागों में अनुबंध आधार पर सात वर्ष का सेवाकाल पूरा कर चुके कर्मचारियों को नियमित न करने पर नाराजगी जताते हुए इस मामले में ठोस कदम उठाने की मांग की गई।
बैठक में जिला अस्पताल के स्टाफ सिक रूम में चार्जिज़ लगाने का मुद्दा भी उठा। कहा गया कि स्टाफ के सदस्यों से सिक रूम चार्जिज़ वसूलने शुरू कर दिए गए हैं। यह सरासर गलत है। इसे तुरंत वापस लिया जाए। बैठक में निर्णय लिया गया कि खंड इकाइयों द्वारा रखी गई मांगों एवं समस्याआें को जोड़कर जिला संयुक्त सलाहकार समिति की बैठक के लिए एजेंडा तैयार किया जाएगा। उसके बाद बैठक के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन से पत्र व्यवहार किया जाएगा। यह निर्णय भी लिया गया कि एनजीओ भवन की देखरेख के लिए एक कमेटी गठित की जाएगी। यह कमेटी संघ को समय-समय पर अपने सुझाव देगी। बैठक में संघ के जिला महासचिव रणवीर सिंह ठाकुर, मुख्य सलाहकार लेखराम कौंडल, चेयरमैन चेतराम वर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष कर्म सिंह चंदेल, उपाध्यक्ष राकेश चंदेल एवं वित्त सचिव बिशनदास शर्मा के साथ ही सभी खंड इकाइयों के नुमाइंदों तथा अन्य कर्मचारियों ने भी भाग लिया।
