
गोपेश्वर। जिला अस्पताल में चिकित्सकों और संसाधनों की कमी उस वक्त आडे़ आ गई, जब पाइल्स के एक मरीज को ऑपरेशन थिएटर में बेहोशी का इंजेक्शन देते ही झटके आने लगे। वेंटीलेटर नहीं होने की वजह से मरीज को दिनभर झटके आते रहे। शाम तक भी स्थिति सामान्य नहीं होने पर डाक्टर ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
मरीज लंबे समय से पाइल्स की बीमारी से परेशान था। बुधवार को डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल में ऑपरेशन के लिए भर्ती किया और बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे उसे ओटी में ले गए। बेहोशी का इंजेक्शन देते ही मरीज को झटके आने लगे। मरीज के भाई महेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि सुबह 10 बजे ओटी में ले जाने के बाद से दोपहर तक भी उन्हें मरीज के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. अजीत गैरोला ने मरीज की हालत बिगड़ते देख जिला प्रशासन से हेलीकॉप्टर की व्यवस्था करने को कहा, लेकिन मौसम खराब होने के चलते हेलीकॉप्टर मुहैया नहीं हो पाया। इसके बाद शाम छह बजे मरीज को एंबुलेंस से बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर किया गया।
रुटीन के सभी टेस्ट करने के पश्चात मरीज का ऑपरेशन होना था, लेकिन बेहोशी का इंजेक्शन देते ही उसे झटके आने शुरू हो गए। वेंटीलेटर की कमी के चलते मरीज को रेफर करना पड़ा।
