
चंबा(टिहरी)।श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय में स्थानीय बेरोजगारों को नियुक्ति देने की मांग को लेकर ग्रामीणों का धरना तीसरे दिन भी जारी रहा। इस बीच सौंदकोटी और दिखोलगांव के आंदोलित ग्रामीणों के साथ विवि के कुलपति डा. यूएस रावत की वार्ता का कोई परिणाम नहीं निकल पाया।
श्रीदेव सुमन विवि कार्यालय में तीसरे दिन भी कामकाज ठप रहा। मुख्य गेट पर धरना दे रहे सौंदकोटी और दिखोलगांव के ग्रामीणों ने विवि में आउटसोर्सिंग के माध्यम से हो रही नियुक्तियों में स्थानीय बेरोजगारों को वरीयता न देने का आरोप लगाया। उन्होंने विवि में हुई नियुक्तियों को रद्द करने और दोबारा नियुक्ति प्रक्रिया शुरू नहीं की मांग। विवि के कुलपति डा. रावत ने धरना स्थल पर ग्रामीणों से वार्ता की। लेकिन मांगों पर सहमति नहीं बन पाई। वीसी ने बताया कि शासन ने आउटसोर्सिंग से 20 पदों पर भरने की स्वीकृति दी थी। जिसके सापेक्ष छह लोग पहले से ही कार्यरत थे। शेष पदों पर उपनल से ही नियुक्तियां की जानी है। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है, कि भविष्य में होने वाली नियुक्तियाें में स्थानीय लोगों को प्राथमिकत दी जाएगी। धरने पर प्रधान रामेश्वरी देवी, सोबन सिंह, किशनी देवी, जगवीर, रघुवीर, सरोजनी देवी, सुरेंद्र नेगी आदि शामिल थे।
