वीरभद्र बताएं कंपनी से कितने पैसे लिए ः अनुराग

नादौन (हमीरपुर)। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह बताएं कि उन्होंने कंपनी से कुल कितने पैसे लिए हैं। कंपनी के कितने शेयर लिए हैं। क्या इनका भुगतान किया है या नहीं। एक ही परिवार को इतने पैसे क्यों दिए। नादौन विस क्षेत्र में सांसद अनुराग ठाकुर ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर आक्रामक रुख अपनाते हुए उनसे इस्तीफे की मांग की। ढगोह में जनसभा में अनुराग ने कहा कि वीरभद्र सिंह व उनके परिवार के नाम 32 से अधिक खाते हैं। कंपनी ने परिवार के बैंक खातों में लगभग साढ़े सात करोड़ रुपये जमा किए हैं। भाजपा सरकार के समय उक्त कंपनी पर 58 लाख रुपये जुर्माना किया गया था परंतु अंतिम समय में उक्त कंपनी ने जुर्माना जमा न करके मुख्यमंत्री की पत्नी के खाते में साठ लाख रुपये जमा करवा दिए। मुख्यमंत्री दिल्ली अपनी सफाई देने गए थे परंतु सोनिया गांधी व राहुल गांधी ने मिलने का समय तक नहीं दिया। भ्रष्टाचार के चलते प्रदेश का नाम बदनाम हुआ है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि अंब से नादौन, नादौन से मंडी क्षेत्र को रेल लाइन से जोड़ने का लक्ष्य है। महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर के नाम पर पंचायत स्तर पर 50 छोटे मैदान बनवाए जाएंगे। स्वामी विवेकानंद की वर्षगांठ पर भारतीय जनता युवा मोर्चा विश्व का सबसे बड़ी क्रिकेट प्रतियोगिता करवा रहा है।

Related posts