वीरभद्र ने किया फूट डालने का काम : रामस्वरूप

जरी/खराहल। भाजपा प्रत्याशी रामस्वरूप शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने अपना हित साधने के लिए फूट डालो और शासन करो की नीति पर काम किया है। अपने कुल्लू दौरे के दौरान रामस्वरूप शर्मा ने कहा कि वीरभद्र सिंह ने भाई को भाई से लड़ाया है। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री रहे हैं, लेकिन प्रदेश में रेल लाइन जोगिंद्रनगर से एक इंच आगे नहीं खिसक पाई है। रामस्वरूप शर्मा ने अपने कुल्लू दौरे के दौरान बरशैणी, शिल, जरी, छरोडनाला, हाथीथान, बारीपधर, लगवैली, भुट्टी, दोघरी, कोलीबेहड़ आदि स्थानों में जनसभाएं कीं। उन्होंने कहा कि प्रतिभा सिंह ने कुल्लू के लिए अपने कार्यकाल में कोई लाभकारी योजना नहीं लाई है, जबकि मुख्यमंत्री ने भी कुल्लू जिला के मतदाताओं को सिर्फ सत्ता पर काबिज होने के लिए इस्तेमाल किया है। रामस्वरूप ने कहा कि वह सांसद बनने के बाद सांसद निधि का संतुलित वितरण करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रतिभा सिंह को सांसद बनाने के बाद जनता को अपना काम करवाने के लिए दर-दर की ठोकरें खानी पड़ीं। लेकिन अबकी बार जनता जागरूक हो चुकी है और भाजपा को मौका देने वाली है। उन्होंने दावा किया कि इस बार देश में नरेंद्र मोदी की सरकार बनेगी। इस दौरान उनके साथ प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष राम सिंह, पूर्व विधायक चंद सेन ठाकुर, जिला महामंत्री प्रताप ठाकुर, कुल्लू मंडल अध्यक्ष विजेंद्र सेन, ब्रिगेडियर खुशहाल ठाकुर, युवराज बौद्ध, अमर सिंह, जोगिंद्र शुक्ला, बंतो ठाकुर, शारदा पोतदार, कुलदीप नैय्यर, हेमराज शर्मा, जीएस बब्बू, नरेश करीर, पूर्व मंडलाध्यक्ष हीरा लाल ठाकुर आदि मौजूद थे।

Related posts