वीडीओ पर राशन कार्ड की सूची से नाम हटाने का आरोप

सडौन। जयहरीखाल विकास खंड के ग्राम पंचायत गढ़कोट, बुंडेरगांव, किमार, कांडा व हंडुल के ग्रामीणों ने ग्राम विकास अधिकारी(वीडीओ) पर राशन कार्ड की सूची से नाम काटने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि ग्राम विकास अधिकारी ने गलत ढंग से राशन कार्डों से नाम निरस्त किए हैं। ग्रामीणों ने इस मामले जांच की मांग की है।
जयहरीखाल महिला कांग्रेस की अध्यक्ष किरन रौतेला ने जिलाधिकारी और सीडीओ को पत्र भेजकर कहा कि ग्राम विकास अधिकारी ने राशन कार्डधारक से बात किए बिना ही उनके नाम काट दिए हैं। कई लोग रोजगार के लिए अन्यत्र रहते हैं, लेकिन वहां उनके राशन कार्ड नहीं हैं। वोटर लिस्ट, मूल निवास, परिवार रजिस्टर और फोटो पहचान पत्र भी उनके अपने मूल गांवों में ही है। मांग की गई कि जो लोग रोजगार के लिए गांव से बाहर अस्थायी रूप से रहते हैं, उनके नाम राशन कार्ड से पृथक न किए जाएं।
ग्राम विकास अधिकारी के मनमाने व्यवहार से ग्रामीणों में रोष है। राशन कार्ड से नाम हटने के बाद लोगों को बैंकों, नौकरियों और पेंशन संबंधी कार्यों में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। वहीं यह भी कहा गया कि ग्राम विकास अधिकारी द्वारा जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने में ग्रामीणों को जबरन परेशान किया जा रहा है।

– अभी शिकायती पत्र नहीं मिला है। पत्र मिलने पर इसके बारे में जांच की जाएगी। – महाबीर सिंह, बीडीओ, जयहरीखाल

Related posts