
नूरपुर (कांगड़ा)। विश्व हिंदू परिषद से संबंधित दुर्गावाहिनी की केंद्रीय सहमंत्री माला रावल ने कहा कि दुर्गावाहिनी का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को शारीरिक, बौद्धिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाना है। विहिप नेत्री माला रावल ने कहा कि देशभर में 40 प्रांतों में दुर्गावाहिनी की इकाइयां महिलाओं को जागरूक और शिक्षित करने का काम कर रही हैं। प्रदेश के 221 गांवों में दुर्गावाहिनी की इकाइयां कार्य कर रही हैं। संगठन की 1500 गांवों में ऐसी इकाइयां गठित करने की योजना है। इन इकाइयों के माध्यम से महिलाओं को धार्मिक, राजनीतिक तथा सामाजिक गतिविधियों के साथ-साथ उन्हें आत्मरक्षा के लिए कराटे का प्रशिक्षण दिया जाएगा। विश्व हिंदू परिषद की अंतरराष्ट्रीय प्रबंधन समिति की बैठक 22 से 26 जून तक कांगड़ा जिला के ज्वालामुखी में होगी। इसमें विश्व हिंदू परिषद के प्रमुख नेता अशोक सिंघल और प्रवीण तोगड़िया भाग लेंगे। 30 मार्च को नगरोटा बगवां में दुर्गावाहिनी के बैनर तले विशाल महिला सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष जन्माष्टमी उत्सव के मौके पर दुर्गावाहिनी हमारा घर हमारा परिवार अभियान के तहत देशभर में करीब 1 लाख महिलाओं से सीधे जुड़ने का प्रयास करेगी तथा यह अभियान एक वर्ष तक जारी रहेगा।
