
शिमला
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए 57 उम्मीदवारों की आज पहली सूची जारी करेगी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की प्रवक्ता और हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की मीडिया प्रभारी अलका लांबा ने बताया कि दूसरे चरण में जल्द ही 11 उम्मीदवारों की भी घोषणा कर दी जाएगी। अलका लांबा ने आज राजीव भवन में प्रेस वार्ता को संबोधित करना था लेकिन उन्होंने इसे भी रद्द कर दिया है।
17 को जारी होगी विधानसभा चुनाव की अधिूसचना, 17 से 25 अक्तूबर तक भरेंगे पर्चे
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव की अधिूसचना 17 अक्तूबर को जारी होगी। प्रत्याशी 17 से 25 अक्तूबर तक नामांकन पत्र भरेंगे। नामांकनों की छंटनी 27 अक्तूबर को होगी। 23 और 24 अक्तूबर को अवकाश के कारण नामांकन नहीं भरे जा सकेंगे। नामांकन पत्र वापस लेने की अंतिम तारीख 29 अक्तूबर रहेगी। मतदान की तारीख 12 नवंबर है, जबकि मतगणना 8 दिसंबर को होगी। चुनाव प्रक्रिया 10 दिसंबर को पूरी होगी।
55,07,261 मतदाता डाल सकेंगे वोट
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में इस बार 55,07,261 मतदाता वोट डाल सकेंगे। निर्वाचन आयोग ने फोटोयुक्त मतदाता सूची को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। 18-19 साल के 69,781 मतदाता वोट डालेंगे। यानी ये नए वोटर होंगे। इनकी प्रतिशतता 46 से बढ़कर अब 75 फीसदी हो गई है। मतदाताओं का लिंग अनुपात 978 से बढ़कर 981 हो गया है। वोटरों में 27,80,208 पुरुष, 27,27,016 महिला और 37 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। दिव्यांग मतदाताओं की संख्या बढ़कर 56001 हो गई है। इनमें 1470 की वृद्धि हुई है।
