विस्थापितों ने ठुकराया एकमुश्त पैकेज

कुल्लू। एनएचपीसी की जल विद्युत परियोजना चरण-2 और 3 के प्रभावितों और विस्थापितों की सैंज के सियूंड और विहाली में चल रही हड़ताल को खत्म करने के लिए सोमवार को डीसी कुल्लू राकेश कंवर वार्ता के लिए मौक पर पहुंचे। स्थायी नौकरी को लेकर हड़ताल पर बैठे विस्थापितों के साथ सैंज के सियूंड स्थित एनएचपीसी के प्रशासनिक भवन में करीब एक घंटा वार्ता चली। इस दौरान प्रशासन के कई अधिकारियों के अलावा एनएचपीसी चरण-2 और 3 के महाप्रबंधकों सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे, लेकिन वार्ता में समस्या का समाधान नहीं निकल पाया। लिहाजा, दोनों परियोजनाओं के प्रभावित तथा विस्थापितों ने हड़ताल को जारी रखने का फैसला लिया है। डीसी राकेश कंवर की अध्यक्षता में हुई वार्ता में एनएचपीसी प्रबंधन तथा प्रशासन ने चरण-3 के विस्थापितों को स्थायी नौकरी के बदले एकमुश्त पैकेज का विकल्प रखा। लेकिन, विस्थापितों ने इसे ठुकराते हुए स्थायी नौकरी की मांग पर अड़े रहे और वार्ता छोड़ बाहर आ गए। चरण-2 के विस्थापित नेता टेक सिंह ने बताया कि उनके साथ हुई वार्ता में डीसी कुल्लू ने उन्हें दो महीने तक आंदोलन को रोकने की अपील की है, तब तक उन्होंने सरकार से उचित वार्तालाप करने की बात कही है। कहा कि वह सभी विस्थापितों की राय लेकर ही अगला कदम उठाएंगे।
हड़ताल पर बैठे पार्वती चरण-2 और 3 के प्रभावित व विस्थापितों से बातचीत हुई है। इस दौरान परियोजना प्रबंधन भी मौजूद रहा। दोनाें चरणों के लोगों के साथ उनकी मांगों को लेकर चर्चा की गई। उनके समक्ष कुछ विकल्प रखे गए हैं। इस पर विस्थापित आपसी विचार करेंगे। एक-दो दिन में पूरी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
राकेश कंवर डीसी कुल्लूु

Related posts