
गढ़वाल। विश्व रक्तदान दिवस पर लोगों ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया। रक्तदान के लिए विभिन्न संगठन, युवाओं के साथ ही बुजुर्ग भी आगे आए। रक्तदान के लिए जहां लोगों को सम्मानित किया गया वहीं प्रतीक चिह्न के रूप में औषधीय पौधे भी बांटे गए। बताया गया कि रक्तदान महादान है इससे कमजोरी नहीं आती बल्कि किसी व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है।
श्रीनगर में ब्लड बैंक की ओर से बेस अस्पताल सभागार में आयोजित समारोह में 64 वर्षीय कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष डा. नौगांवऔंकर ने रक्तदान किया। चार वर्ष पूर्व मेडिकल कालेज में तैनात हुए डा. नौगांवऔंकर 12 बार रक्तदान कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि रक्त के बिना अब कोई जान न जाए इसलिए युवाओं को भी रक्तदान को आगे आना चाहिए। इस मौके पर व्यापार सभा अध्यक्ष हिमांशु अग्रवाल, रोटरी क्लब अध्यक्ष धनेश उनियाल, एसएसबी कमांडेंट डा. ओबी सिंह, नरेश नौटियाल, सुधीर जोशी, आर्ट ऑफ लिविंग की मोनिका पठानिया, एनएसएस की कार्यक्रम अधिकारी बीना सकलानी को सम्मानित किया गया।
पहले दिन सात यूनिट रक्तदान
कोटद्वार। राजकीय संयुक्त चिकित्सालय में एक महीने तक चलने वाले रक्तदान शिविर के पहले दिन सात यूनिट रक्तदान किया गया। अस्पताल के सीएमएस डा. आईएस सामंत ने रक्तदान कर शिविर की शुरुआत की। इसके बाद कवींद्र, अंकित अग्रवाल, गीता, देवेंद्र, प्रवीण और महबूब अली ने रक्तदान किया। दोपहर में अस्पताल में रक्तदान पर गोष्ठी भी हुई जिसमें डा. सामंत ने लोगों को रक्तदान के लाभों की जानकारी दी। इस मौके पर डा. सुभाष कुमार, डा. संगीता नेगी, डीएस नेगी, डा. दिनेश, डा. जेसी ध्यानी आदि मौजूद रहे।
रक्तदाताओं को बांटे औषधीय पादप
गोपेश्वर। जिला अस्पताल में आयोजित शिविर में नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत ने कहा कि रक्तदान महादान है। सीएमओ डा. अजीत गैरोला ने कहा कि रक्तदान से कमजोरी नहीं आती है। उन्होंने रक्तदाताओं के साथ स्वयं भी रक्तदान किया। इस मौके पर डोनर दि हैल्पिंग हैंड, समर्पित ग्रुप, ऑल इंडिया क्राइम, समृद्धि, अर्थ सोसाइटी और रेडक्रास सोसाइटी के साथ ही 60 अन्य स्वैच्छिक रक्तदाताओं को औषधीय पादप पौधे प्रतीक चिह्न के रुप में भेंट की। शिविर के बाद 40 स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने रक्तदान किया और 72 रक्तदाताओं ने पंजीकरण करवाया।
रक्तदान करने वाले सम्मानित
उत्तरकाशी। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग और रेडक्रास सोसायटी की ओर से जिला अस्पताल में गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस मौके पर सीएमओ डा. मयंक उपाध्याय ने रक्तदान को महादान बताते हुए लोगों से रक्तदान की अपील की। गोष्ठी में पांच वर्षों से रक्तदान करने वाले ओमप्रकाश जोशी, राकेश जोगिला, विवेकानंद, विजय आर्य, सतीश पंवार सहित 30 लोगों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर डीएसपी महेंद्र सिंह रावत, सतीश पंवार, शिवेंद्र पंवार, दीपक राणा, प्रशांत भट्ट ने रक्तदान किया। गोष्ठी में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा.अनिल कुमार, डा.एमके राव, हरि सिंह राणा, माधव जोशी, खुशपाल पंवार, धनंजय, शंभू नौटियाल, अरविंद मटूड़ा, जुगल किशोर आदि मौजूद रहे।
