
मंडी। बीएड की अतिरिक्त फीस वृद्धि के विरोध में प्रशिक्षु छात्र लामबंद हो गए हैं। मंडी में सोमवार को प्रशिक्षु छात्रों ने बीएड की अतिरिक्त फीस वृद्धि का जोरदार विरोध किया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कालेज इकाई के बैनर तले बीएड प्रशिक्षु छात्रों ने फीस वृद्धि के विरोध में रैली निकाली। इसके बाद कालेज में धरना प्रदर्शन किया गया। इस विरोध प्रदर्शन में बीएड तथा अभाविप के करीब 100 छात्र शामिल थे। अभाविप तथा बीएड छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से अतिरिक्त फीस वृद्धि के निर्णय को तत्काल वापस लेने की मांग की। विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई।
अभाविप इकाई अध्यक्ष योगेश ठाकुर ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन मनमाने ढंग से जब चाहे तब फीस वृद्धि कर रहा है। यह सरासर छात्र विरोधी फैसला है, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन सत्र के शुरू में ही साल भर के लिए सभी शुल्क निर्धारित करता आया है। फिर बीएड के प्रशिक्षु छात्रों से सत्र के अंत में अतिरिक्त फीस वसूलना तर्कसंगत नहीं है। वहीं बीएड के छात्र अंकुश कुमार ने आरोप लगाया कि कुलपति ने विश्वविद्यालय तथा कॉलेजों को पैसा कमाने का साधन बना रखा है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से सैकड़ों गरीब बीएड प्रशिक्षु छात्रों को दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय प्रशासन इस तुगलकी फरमान को तुरंत वापस ले। अन्यथा छात्र समुदाय सड़कों पर उतरने से परहेज नहीं करेगा।
