
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय प्रशासन ने कुलपति के घेराव और कार्यकारी सदस्य के वाहन का शीशा तोड़ने के मामले में आरोपी छात्रों को नोटिस जारी किए हैं। कुलपति का समरहिल चौक पर एबीवीपी ने घेराव किया था, वहीं ईसी सदस्य को ज्ञापन सौंपने के समय गरमाए माहौल के मामले में सात छात्रों को नोटिस जारी कर दिया है। इन छात्र नेताओं से तीन दिन में जवाब मांगा है। जवाब संतोषजनक न होने पर ही प्रशासन की ओर से आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। एबीवीपी के पांच और एसएफआई के सात सदस्यों को नोटिस जारी किए गए हैं। छात्र हिंसा के मामले में प्रशासन की ओर से अभी और नोटिस जारी किए जाने हैं। इसमें चालीस के लगभग छात्रों को नोटिस जारी हो सकते हैं। इस हिंसा के मामले मेें आरोपी चालीस से ज्यादा छात्रों को नोटिस जारी होने की संभावना है। इस मामले की जांच रिपोर्ट के लिए गठित जांच कमेटी मंगलवार को रिपोर्ट सौंपेंगी।
कमेटी ने इस मामले में अधिकतर तथ्य जुटा लिए हैं। इसमें वीडियोग्राफी के साथ मौके पर मौजूद रहे छात्रों के बयान भी लिए हैं। इसके साथ ही पुलिस में दर्ज प्राथमिकी को भी आधार बनाया गया है। इनमें शामिल सभी छात्रों को कमेटी ने आरोपी बनाते हुए नोटिस देने का फैसला लिया है। इस हिंसा के मामले में नौ से ज्यादा प्राथमिकी पुलिस में दर्ज हुई हैं। इसमें विवि के अधिकतर छात्र नेता शामिल हैं। महज दोनों ही संगठनों के दो या चार छात्र नेता बिना नोटिस बचेंगे। हिंसा के मामले में गठित जांच कमेटी के अध्यक्ष डीन आफ स्टडी सुरेश कुमार ने बताया कि कमेटी जांच कर रही है। मंगलवार को प्रशासन को रिपोर्ट सौंप दी जाएगी।
