
शिमला। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर पूरे परिसर और विवि को जाने वाले हर रास्ते को छावनी में तबदील कर दिया गया है। विवि ही नहीं बल्कि इसके साथ लगते वन क्षेत्र में भी सुरक्षा कर्मी तैनात किए गए हैं। विवि के मुख्य सहित परिसर को जाने वाले हर छोटे बड़े रास्ते पर गेट लगा दिए गए हैं। जहां से आवाजाही कम रहती है। उन रास्तों को बंद कर दिया गया है। परिसर के हर कोने पर सुरक्षा कर्मी तैनात हैं। हास्टलों से आने वालों रास्तों पर भी पूरी सुरक्षा व्यवस्था कायम कर दी गई है। कुलपति प्रो. एडीएन बाजपेयी ने सभी प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पूरे परिसर, सभागार तथा तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान जहां जहां उन्हें कमी दिखी, इसे दुरुस्त करने के लिए अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए। शुक्रवार को राष्ट्रपति साढ़े तीन बजे विवि पहुंचेंगे और कार्यक्रम में संबोधित करने के बाद साढ़े चार बजे उनके वहां से रवाना होने का कार्यक्रम हैं। दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति के अलावा, राज्यपाल, मुख्यमंत्री भी संबोधित करेंगे। कुलपति इस दौरान धन्यवाद प्रस्ताव रखेंगे।
—
टैगोर पर लेक्चर देंगे राष्ट्रपति
शिमला। भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान (एडवांस्ड स्टडी) में शुक्रवार को राष्ट्रपति पहली बार रविंद्र नाथ टैगोर पर लेक्चर देंगे। इससे पहले वह द टैगोर सेंटर फार द स्टडी आफ कल्चर एंड कम्यूनिकेशन का उद्घाटन करेंगे। व्याख्यान के दौरान शोधकर्ताओं सहित संस्थान के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहेंगे। राष्ट्रपति दोपहर बाहर बजे एडवांस स्टडी पहुंचेंगे और एक बजे दोपहर के भोजन के लिए पीटर हाफ के लिए रवाना होंगे।
