विवेकानंद के आदर्श अपनाने का संकल्प लिया

बिलासपुर। प्रदेश के आठ जिलों का दौरा करने के बाद बिलासपुर में स्वामी विवेकानंद की शिक्षाओं की अलख जगाने के बाद स्वामी विवेकानंद संदेश यात्रा मंडी जिला रवाना हो गई। मातृ वंदना संस्थान की स्वामी विवेकानंद संदेश यात्रा का समापन शिमला में होगा।
गुरुवार को बिलासपुर जिले की सीमा में पहुंचने पर लखनपुर में लोगों द्वारा पुष्पवर्षा कर संदेश यात्रा का भव्य स्वागत किया। संदेश यात्रा रौड़ा सेक्टर से होते हुए बिलासपुर शहर की परिक्रमा की। इसके बाद शहर के चंपा पार्क में आयोजित पुष्पांजलि कार्यक्रम में शहर के कई गणमान्य प्रबुद्धजनों ने स्वामी विवेकानंद को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान लोगों ने समाज को दिए उनके संदेश व शिक्षाओं को अपने दैनिक जीवन में उतारने का संकल्प भी लिया। चंपा पार्क में उपस्थित गणमान्य लोगों को संबोधित करते हुए स्वामी विवेकानंद सार्द्धशती कार्यक्रम समिति के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख नरेंद्र कुमार ने कहा कि स्वामी विवेकानंद युवाओं को भविष्य निर्माता, नारी को शक्ति स्वरूपा, शिक्षा को जीवन में अति महत्वपूर्ण मानते थे। उनका कहना था कि युवा अपने पुरुषार्थ से समस्याओं का समाधान कर सकते हैं। नारी का सम्मान किए बिना समाज में सुख शांति व सद्भावना नहीं रह सकती। कार्यक्रम में मातृवंदना संस्थान के प्रदेश प्रमुख डा. दयानंद शर्मा, सचिव राजेश बंसल, शांति स्वरूप, सुदर्शन सांख्यान, महेंद्र सांख्यान, जगदीश कटोच, राजपाल दास, विद्युत विभाग सहायक अभियंता दौलत राम चंदेल, अधिवक्ता मुनीष चंदेल, अधिवक्ता अभिषेक मिश्रा, सीहड़ा पंचायत प्रधान रूप लाल ठाकुर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।

Related posts