
श्रीनगर। एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने मांगों को लेकर कार्यबहिष्कार शुरू कर दिया है। लंबे समय से 16 सूत्रीय मांगों पर कार्रवाई की मांग कर रहे कर्मचारियों ने आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। उनका कहना है कि जब तक मांगें पूरी नहीं हो जाती अनिश्चितकालीन कार्यबहिष्कार जारी रहेगा।
सोमवार को कर्मचारियों ने प्रशासनिक भवन के गेट के सामने सभा आयोजित की। शिक्षणेत्तर कर्मचारी परिषद के अध्यक्ष राजेंद्र भंडारी ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से समायोजन, पदनाम और वेतनमान में संशोधन जैसी जायज मांगों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उपेक्षा से आहत कर्मचारी कार्यबहिष्कार को मजबूर हैं। महासचिव मनोज रतूड़ी ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय कर्मचारियों का शोषण कर रहा है। दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष कमलेश नैथाणी ने कहा कि कर्मचारी लंबे समय से अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं। अब कर्मचारियों के सब्र का बांध टूट गया है। इसलिए जब तक मांगे पूरी नहीं होंगी कार्यबहिष्कार जारी रहेगा। इस मौके पर पुष्कर सिंह, मस्तान सिंह मेहरा, रोशन सिंह रावत, सतीश थपलियाल और शंकर सिंह आदि मौजूद थे।
