
मंडी। राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान के खिलाफ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने सोमवार को प्रदर्शन किया। इसमें परिषद कार्यकर्ताआें ने भारी संख्या में भाग लेकर सेमेस्टर सिस्टम का विरोध जताया। परिषद ने विवि प्रशासन पर छात्र विरोधी फैसले लेेने का आरोप लगाया। रूसा के खिलाफ जोरदार नारेबाजी भी की। कार्यकर्ताओं को अभाविप के जिला संयोजक योगेश ठाकुर और इकाई अध्यक्ष कमलेश सेन ने भी संबोधित किया।
योगेश ठाकुर ने कहा कि रूसा सिस्टम प्रदेश के विद्यार्थियों के हित में नहीं है। इसके फायदे कम और नुकसान अधिक हैं। इससे छात्रों को भारी परेशानियां उठानी पड़ रही हैं। उन्होंने कहा कि रूसा से विद्यार्थी ही नहीं बल्कि अभिभावक वर्ग भी परेशान है। इकाई अध्यक्ष कमलेश सेन ने कहा कि रूसा के चलते 40 फीसदी बच्चे ही शिक्षा ग्रहण कर पा रहे हैं। साठ फीसदी बच्चे उच्च शिक्षा से वंचित हैं। इस प्रणाली से कॉलेजों में अध्ययनरत बच्चों को लाभ कम और परेशानियां अधिक झेलनी पड़ रही हैं। आरोप लगाया कि विवि प्रशासन लगातार ऐेसे फैसले ले रहा है कि जो मनमाने और छात्र विरोधी हैं। चेताया कि यदि ऐसा ही चलता रहा तो अभाविप प्रदेश में उग्र आंदोलन शुरू करेगी। जरूरत पड़ी तो आमरण अनशन से भी गुरेज नहीं करेंगे।
