
नूरपुर (कांगड़ा)। जसूर के समीप छतरोली गांव में बीते मंगलवार को विवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत मामले में नूरपुर पुलिस ने छह दिन बाद ससुराल वालों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पहले इस मामले में पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 174 के तहत केस दर्ज किया था। लेकिन मृतका सृष्टा देवी (35) के भाई विजय कुमार की शिकायत में ससुराल वालों पर जहर देकर हत्या करने तथा तथ्यों को छिपाने के आरोपों के चलते मृतका के पति ओंकार सिंह व सास के खिलाफ भादसं की धारा 302 व 201 के तहत अब नए सिरे से एफआईआर दर्ज की गई है।
गौर रहे कि शनिवार को मृतका के परिजनों ने पंचायत प्रतिनिधियों की अगुवाई में डीएसपी नूरपुर राजीव अत्री को अपनी बेटी की संदिग्धावस्था में हुई मौत की उच्चस्तरीय जांच करवाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा था। इसमें मायके वालों ने ससुराल पक्ष के खिलाफ सीधे तौर पर उनकी बेटी को जहर देकर मारने का आरोप भी लगाया था। उल्लेखनीय है कि 16 जुलाई को मंगलवार की सुबह सृष्टा देवी पत्नी ओंकार सिंह निवासी गांव छतरोली का शव उसके कमरे में मिला था। ससुराल वालों के बयान के मुताबिक मृतका सोमवार को अपने बच्चों को ननद के यहां छोड़ने के लिए रैहन गई थी। शाम को सृष्टा ने अपने खेतों में कीटनाशक स्प्रे किया और उसके बाद घर का कामकाज निपटाकर कमरे में जाकर सो गई। जबकि उसका पति ओंकार सिंह दूसरे कमरे में सोया हुआ था। जब मंगलवार सुबह पति उसे नींद से जगाने के लिए कमरे में गया तो वह बिस्तर पर बेसुध पड़ी थी। सृष्टा देवी के परिजनों का आरोप है कि ससुराल वालों ने उनकी बेटी की जहर देकर हत्या की है और सोते हुए दम तोड़ने की मनगढ़ंत कहानी बनाकर अपने गुनाह पर पर्दा डालने के लिए तथ्यों को छिपाया है।
उधर, डीएसपी राजीव अत्री ने बताया कि पुलिस इस मामले के हर पहलू की बारीकी से छानबीन कर रही है। जल्द ही विवाहिता की संदिग्ध मौत की गुत्थी को सुलझा लिया जाएगा।
