
भरमौर (चंबा)। अराजपत्रित कर्मचारी संघ खंड भरमौर के चुनाव हंगामे के चलते स्थगित हो गए हैं। मतदान के दौरान सदस्यता की पर्चियां काटे जाने पर कर्मचारियों के विरोध के बाद चुनाव को स्थगित करना पड़ा। अब यह चुनाव 16 जून को होंगे। संघ के चुनाव अधिकारी जगदीश चौहान ने बताया कि कर्मचारी महासंघ के चुनाव स्थानीय लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में होना निश्चित हुए थे। उन्होंने कहा कि सुबह मतदान प्रक्रिया शुरू हो चुकी थी, लेकिन कुुछ कर्मचारियों की ओर से मतदान के दौरान सदस्यता की पर्चियां काटने पर आपत्ति जाहिर की गई। इसके चलते विवाद बढ़ता गया और विवाद को देखते हुए चुनाव कमेटी की सहमति से चुनाव को स्थगित कर दिया गया है। अब चुनाव 16 जून को होंगे। इसके लिए मतदान सुबह 10 बजे से लेकर शाम चार बजे तक होगा। उन्होंने कहा कि जो प्रत्याशी महासंघ के चुनावों के दौरान प्रधान व महासचिव का चुनाव लड़ना चाहता है, वह 12 को जून दस बजे से लेकर एक बजे तक जिला महासचिव अजय जरियाल के पास खंड कार्यालय में नामांकन दाखिल करवाए। प्रत्याशी 13 जून को नामांकन वापस ले सकते हैं। यह चुनाव मणिमहेश सराय भवन चौरासी परिसर में करवाए जाएंगे। 13 जून को प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह भी आवंटित किए जाएंगे। खंड भरमौर में जो रसीद बुक दी गई है, वे धनराशि समेत रसीद कमेटी के पास जमा करवाएं।
मतदान के बीच सदस्यता पर्ची कटने से उठा विवाद
भरमौर (चंबा)। कर्मचारी संघ के चुनाव के दौरान कुछ कर्मचारियों ने मत का प्रयोग भी कर लिया था। चुनाव में भरमौर खंड से अध्यक्ष पद के लिए बलोरा राम और जगदीश पखरेटिया ने दावेदारी जताई थी। महासचिव के लिए तीन उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। इसमें प्रीतम सिंह, दीनानाथ ठाकुर व किशन पखेटिया शामिल है। किशन पखेटिया ने प्रीतम सिंह को समर्थन देकर अपना नाम वापस ले लिया। चुनावों के दौरान सदस्यता पर्चियां काटनी शुरू की गईं तो गलोरा राम व दीना नाथ ठाकुर ने इसका विरोध कर दिया। चुनाव प्रक्रिया के बीच में पर्चियां काटी जा रही थीं। यही नहीं, चुनाव के लिए पहले 13 मई उसके बाद 20 और उसके बाद 28 मई की तारीख निर्धारित की गई। चुनाव 20 मई को हो सकता था। उन्होंने मांग की है कि चुनाव भरमौर के केंद्र बिंदू में करवाया जाए।
आचार संहिता का हुआ उल्लंघन
मंडी संसदीय क्षेत्र उप चुनावों की तिथि तय होने के बाद आचार संहिता लागू हो गई है। इसके बावजूद लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में कर्मचारी महासंघ के चुनाव करवाए जा रहे थे। जो कि आचार संहिता का उल्लंघन है। एसडीएम जितेंद्र कंवर ने कहा कि इस बारे में उन्हेें जानकारी नहीं है। ऐसा हुआ तो परमिशन देने वाले के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
