
सरकाघाट (मंडी)। उपमंडल के अप्पर बांदल गांव में लोग पेयजल के लिए भटकने को मजबूर हैं। बीते करीब एक माह से यहां पेयजल संकट चल रहा है। गांव में सड़क की खुदाई से पाइप लाइन टूट गई थी, जिससे पानी की सप्लाई बंद हुई थी। हैरत की बात है कि इसके 25 दिन बाद भी विभाग सप्लाई बहाल नहीं कर सका है। ग्रामीणों के बार-बार आग्रह पर भी विभाग ने टूटी पाइप जोड़ने की जहमत नहीं उठाई है। ग्रामीणों ने एसडीएम सरकाघाट से समस्या के समाधान की गुहार लगाई है। ग्रामीणों विनोद वर्मा, नानक चंद, पूर्ण चंद, ज्ञान चंद, विवेक वर्मा, वैभव शर्मा, अमर चंद, नीति राज, ललिता कुमारी, प्रोमिला देवी आदि का कहना है कि पेयजल आपूर्ति न होने से गांववासियों को मीलों दूर जाकर पानी लाना पड़ रहा है। आसपास के अन्य गांवों में विभाग की ओर से पेयजल आपूर्ति की जा रही है। बांदल गांव में 25 दिन से घराें में पानी की बूंद नहीं टपकी है। ग्रामीणों का कहना है कि वे सप्लाई सुचारु करने के लिए फिटर से लेकर सहायक और अधिशासी अभियंता तक गुहार लगा चुके हैं। विभागीय अधिकारी कार्यालय से शीघ्र सप्लाई बहाल करने की बात कहते हैं, लेकिन समस्या ज्यों की त्यों है। ग्रामीणों ने उपमंडलाधिकारी से हस्तक्षेप की मांग करते हुए पेयजल सप्लाई शीघ्र बहाल करवाने की गुहार लगाई है। इस बारे में विभाग के अधिशासी अभियंता बीएस राणा का कहना है कि सड़क की खुदाई से पानी की पाइप टूट गई है। शीघ्र ही पाइप जोड़कर ग्रामीणों को पेयजल आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
