विपरीत परिस्थितियों में भी किया जाएगा बचाव कार्य: सुशील कुमार शिंदे

विपरीत परिस्थितियों में भी किया जाएगा बचाव कार्य: सुशील कुमार शिंदे

उत्तराखंड:उत्तराखंड दौरे पर गए गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने कहा कि सेना के कई बचाव दल उत्तराखंड में हजारों पीडि़तों की सहयता के लिए कार्य कर रहे हैं।

शिंदे ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि खराब मौसम व विपरीत परिस्थितियों के बावजूद भी सेना, एनडीआरएफ (नेशनल डिजास्टर रिजर्व फोर्स) व आईटीबीपी के विभिन्न दल राहत संबंधी कार्यों में लगे हैं।

शिंदे को मिली रिपोर्टों के अनुसार करीब 200 लोगों के गौरीकुंड के नजदीक जंगलचट्टी में फंसे होने की आशंका है। जिस पर उन्होंने कहा कि दल पूर्ण प्रयास कर रहे हैं की लोगों तक खाद्य सामग्री किसी भी तरह पहुंचाई जाए।

गृह मंत्री ने कहा कि अब तक 550 लोगों के मारे जाने की खबर है, 392 लोग घायल बताए जा रहे हैं और 334 लोग अभी भी लापता हैं। राज्य में हुए नुकसान के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि 1,751 घर, 147 पुल और 1,307 सड़कें बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त हुए हैं। शिंदे ने कहा कि जहां 73,000 लोगों को बचाया जा चुका है वहीं 30,000 से 32,000 लोग अभी भी फंसे हुए हैं।

उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि अगले दो दिनों में सभी लोगों को बाहर निकाल लिया जाएगा। शिंदे ने सरकार की आलोचना करने वालों को कहा कि उन्हें नहीं लगता कि यह एक मानव-निर्मित आपदा है क्योंकि दो जगह बादल फटने के कारण भारी नुकसान हुआ है तो कोई किस तरह इसे कैसे मानव निर्मित आपदा कह सकता है।

उन्होंने बचाव कार्य व बदलते मौसम के चलते सभी से आग्रह किया कि पुलिस व सेना को उनका काम करने दिया जाना चाहिए और उन्होंने अन्य नेताओं को भी अपने दौरों को स्थगित करने की प्रार्थना की ताकि बचाव कार्य बाधित न हो सके। उन्होंने वादा किया कि वे उत्तराखंड मे आई विपदा में राहत कार्यों के लिए हर संभव प्रयास कर धन उपलब्ध करवाएंगे।

Related posts