विपक्ष ने किया बजट का बहिष्कार

शिमला। बजट सत्र के 5वें दिन पेश किए गए बजट का विपक्षी भाजपा विधायकों ने बायकॉट किया। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने ठीक 11 बजे बजट भाषण शुरू किया, लेकिन विपक्ष की सारी सीटें खाली थीं। यह विधानसभा के इतिहास में पहली बार हुआ। मुख्यमंत्री की टिप्पणियों और मर्यादा हनन नोटिस पर फैसला न होने से नाराज विपक्ष के विधायक सुबह 10 बजे चौड़ा मैदान चौक पर एकत्र हुए। बाद में नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल की अगुवाई में इन्होंने चौड़ा मैदान से विधानसभा परिसर तक स्कूटर रैली भी निकाली। स्कूटरों पर सेब ढोने के पोस्टर लगाए गए थे। ये स्कूटर बारिश के बीच विधानसभा गेट तक आए।
इसके बाद विपक्ष के विधायकों ने विपक्षी लांज में बैठकर बजट भाषण सुना और बाद में इस पर प्रतिक्रिया भी दी। नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि विधायक दल ने बजट भाषण के दौरान सदन में न जाने का फैसला लिया था। सरकार और मुख्यमंत्री की तरफ से जानबूझ कर भाजपा विधायकों को भड़काने के लिए ऐसे शब्दों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे सदन का माहौल खराब हो रहा है। फिलहाल, कांग्रेस विधायकों के रवैये को देखते हुए लगता है कि पूरे सत्र के दौरान सदन के भीतर जाने की कोई गुंजाइश नहीं है। गौरतलब है कि राज्यपाल अभिभाषण की तरह अब भाजपा विधायक बजट पर परिचर्चा में भी शामिल नहीं होंगे।

Related posts