विनीत मौत मामले में हत्या का मामला दर्ज

सरकाघाट (मंडी)। बरच्छवाड़ निवासी विनीत (26) की मौत पर एक माह के बाद हत्या का मामला दर्ज हो गया। पुलिस ने मृतक के परिजनों की मांग एवं बयानाें के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया है। हालांकि हत्या को लेकर पुलिस के पास न तो कोई पुख्ता सबूत हैं और न ही किसी पर शक। इस मामले में पुलिस अब तक किसी को भी हिरासत में नहीं ले पाई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अनडाइजेस्ट फूड का खुलासा हुआ है, लेकिन परिजन विनीत की मौत को बार-बार एक साजिश के तहत की गई हत्या करार दे रहे हैं।
विनीत 12 मार्च को गुड़गांव से होली के उपलक्ष्य पर घर आया था। परिजनाें के मुताबिक विनीत विदेश जाना चाहता था। अगले दिन 13 अप्रैल को अपने एक पड़ोसी दोस्त के साथ वीजा और विदेश जाने के लिए अन्य कागजात संबंधी कार्यों को लेकर हमीरपुर गया था। वापसी पर हमीरपुर के भरेड़ी नामक स्थान पर दोस्त के साथ कुछ खाया था। इसके बाद मंडी तथा हमीरपुर जिले की सीमा डली नामक स्थान पर बैठकर फिर खाना खाया। इसके बाद उसी दोस्त ने अपनी बाइक पर सही सलामत उसे घर तक छोड़ा था। परिजनाें के मुताबिक इसके बाद विनीत कुमार के फोन पर कॉल आई। वह सायं साढ़े सात से आठ बजे के बीच घर से बाहर निकल गया, लेकिन 14 मार्च को सुबह घर से 200 मीटर की दूरी पर नीचे सीर खड्ड के किनारे उसकी लाश मिली। पुलिस को विनीत के मोबाइल से भी कोई जानकारी हासिल नहीं हो सकी है क्याेंकि मोबाइल उसकी लाश से कुछ ही दूरी पर खड्ड के बीच में मिला। खराब हो जाने की वजह से कॉल डिटेल का पता नहीं चल सका।
विनीत के परिजन मुख्यमंत्री से मामले की सीबीआई जांच करवाने की मांग कर चुके हैं। मंगलवार को विनीत की मां नीलम कुमारी तथा भाई विनय कुमार ने सब जज न्यायालय सरकाघाट में भी हत्या की आशंका को लेकर अर्जी देकर निष्पक्ष जांच की मांग की। बुधवार को मृतक के मां तथा भाई के बयानाें के आधार पर पुलिस ने अज्ञात लोगाें के खिलाफ भादंसं की धारा 302 के तहत मर्डर का मामला दर्ज कर लिया। अब पुलिस को फारेंसिक रिपोर्ट आने का इंतजार है। इधर, पुष्टि करते हुए डीएसपी सरकाघाट संजीव भाटिया ने बताया कि परिजनाें के बयान पर भादंसं की धारा 302 के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। फारेंसिक रिपोर्ट आने का इंतजार है। पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।

Related posts