विधायक राजनीति के नशे में चूर : मारकंडेय

कुल्लू(भाग सिंह) जिला लाहौल-स्पीति की आम जनता और विद्यार्थियों के भविष्य के साथ वर्तमान सरकार तथा स्थानीय विधायक रवि ठाकुर खिलवाड़ कर रहे हैं। ये शब्द पूर्व मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडेय ने कुल्लू में पत्रकार वार्ता में कहे। इस दौरान मारकंडेय ने कहा कि शिक्षा बोर्ड की परीक्षाएं शुरू हो गईं हैं। लेकिन, अभी तक उड़ानें नहीं होने से प्रश्नपत्र कुल्लू में ही फंस गए हैं। सरकार को बच्चों के भविष्य की कोई फिक्र नहीं है। उन्होंने कहा कि विधायक रवि ठाकुर राजनीति के नशे में चूर हैं और विकासात्मक कार्यों पर विराम लग गया है। जिले में करीब 456 लोग जिले से बाहर निकलने की राह ताक रहे हैं, लेकिन 12 दिन से उड़ानों का शेड्यूल ही जारी नहीं किया जा रहा है। मारकंडेय ने बताया कि जो कांग्रेस भाजपा पर उड़ानों को लेकर राजनीति का स्टंट बता रही है, वह बिल्कुल गलत है। उन्होंने कहा कि अगर विधायक रवि ठाकुर जनता की समस्याओं का हल नहीं कर सकते हैं तो उन्हें पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। भाजपा लोगों के हक की लड़ाई लड़ रही है। मारकंडेय ने विधायक रवि ठाकुर से सवाल किया है कि अगर आप जिले का दुख दर्द जानते हैं तो फिर नौ लोगों की कैसे मौत हुई? इसके अलावा जब आसमान साफ रहा तो उस दौरान प्रश्न पत्र लाहौल क्यों नहीं पहुंचे? उन्होंने विधायक रवि ठाकुर को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि वे सिर्फ चहेते ठेकेदारों को पाल रहे हैं। उन्हें जनता की कोई फिक्र नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजयुमो की हेलीकॉप्टर को लेकर भूख हड़ताल छठे दिन में प्रवेश कर गई है।
उन्होंने कहा कि विधायक झूठी घोषणाएं कर जिले की जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा की मांगों पर जल्द गौर नहीं किया गया तो भाजपा आमरण अनशन पर बैठेगी। इस अवसर पर भाजयुमो जिलाध्यक्ष संजीव कुमार, प्रवक्ता रमेश फारका तथा पंकज शाशनी उपस्थित रहे।

Related posts