विधायक रवि ने प्रतिभा के लिए मांगे वोट

उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। रोहतांग दर्रा अभी भारी बर्फबारी के चलते बंद है। लोकसभा की चुनावी जंग में कूदे प्रत्याशी लाहौल के मतदाताओं से वोट मांगने के लिए महज हेलिकॉप्टर से ही लाहौल पहुंच सकते हैं। लेकिन अभी तक किसी भी प्रत्याशी ने जनजातीय क्षेत्र लाहौल-स्पीति में प्रचार को लेकर दस्तक नहीं दी है। हालांकि, अनुसूचित जाति राष्ट्रीय आयोग के उपाध्यक्ष एवं लाहौल-स्पीति के विधायक रवि ठाकुर ने मंडी संसदीय सीट के कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह को लोकसभा चुनाव में लाहौल-स्पीति जिला से बढ़त देने के लिए बर्फ के बीच कदमताल शुरू कर दी है। शनिवार को विधायक रवि ठाकुर ने के लांग पहुंचते ही केलांग में केलांग ब्लॉक के नेताओं तथा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक का आयोजन कर लोकसभा चुनाव को लेकर आगामी रणनीति बनाई। रविवार को विधायक ने बीलिंग, तांदी, सुमनम, मालंग, वारी, लपशक, क्रोजिग, ठोलंग, तोज़िग, रांगवे, लोट सहित कई गांवों में पहुंचकर लोगों के समक्ष कांग्रेस सरकार की उपलब्धियां गिनाने के साथ ही प्रतिभा सिंह को एक बार फिर जिले से भारी बहुमत से लीड देने के लिए मतदाताओं से अपील की है। सोमवार को उदयपुर ब्लॉक की बैठक करने के बाद रवि ठाकुर ने उदयपुर पंचायत के कई गांवों का दौरा कर प्रतिभा सिंह के लिए वोट मांगे।

Related posts