विधायक मयूख महर का पुतला फूंका

पिथौरागढ़। सीमांत छात्रावास को आवंटित भूमि से रोड का निर्माण किए जाने से नाराज छात्रों ने प्रदर्शन कर विधायक मयूख महर और जिला प्रशासन का पुतला फूंका। प्रस्तावित सड़क का निर्माण कार्य शीघ्र नहीं रोके जाने की स्थिति में आगे भी आंदोलन की चेतावनी दी है।
सीमांत छात्रावास के छात्र अधीक्षक मदन सन्याल के नेतृत्व में आक्रोशित छात्रों ने कहा कि टकाना स्थित छात्रावास अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के छात्रों के लिए बनाया गया है। कहा कि पूर्व में छात्रावास की एक नाली भूमि स्टेडियम को जाने वाली रोड में चली गई। अब छात्रावास के पास 3.10 नाली जमीन रह गई है। विकास भवन से पदियाधारे तक सड़क बनने की स्थिति में सीमांत छात्रावास के पास महज दो नाली जमीन ही शेष रह जाएगी। इसकी वजह से आने वाले समय में यहां रहने वाले छात्रों को तमाम तरह की दिक्कतें उठानी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि सत्ता में नशे में चूर होकर कुछ तथाकथित जनप्रतिनिधि जबरन रोड बनाने के लिए जिला प्रशासन पर दबाव बना रहे हैं। जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुतला दहन में जय राज फिरमाल, लोकेंद्र दताल, गणेश, हरीश, कृष्ण कुमार, महिराज दरियाल, सहदेव, मुकेश कुमार, कैलाश राम आदि मौजूद थे।

Related posts