विधायक ब्राक्टा ने सुनीं लोगों की समस्याएं

रोहड़ू। विधायक मोहनलाल ब्राक्टा ने कहा कि रणवसार वैली के अंबोई गांव में स्वास्थ्य केंद्र तथा पशु चिकित्सालय भवन का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए ग्रामीणों ने भूमि उपलब्ध करवा दी है। विधायक ने लोगों की समस्याओं को सुनने के बाद सेब सीजन की तैयारियों की लोगों के बीच समीक्षा की। कांग्रेस मंडल रोहड़ू के कार्यालय सचिव सोहन लाल चौहान ने बताया कि विधायक ने बुधवार को जांगला, अंबोई, टिपरोली तथा थली गांव में जन समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि सेब सीजन के लिए सभी सड़कों को ठीक करने के लिए लोनिवि के अधिकारियों को आदेश किए गए हैं। उन्होंने लोगों को बताया कि सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निवारण किया जा रहा है। उन्होंने बीते पांच साल के भाजपा कार्यकाल में क्षेत्र की अनदेखी का आरोप लगाया। विधायक ने कहा कि कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के बाद पूरे प्रदेश में विकास शुरू हुआ है। विधायक ने मंगलवार शाम को बछुंछ गांव में देवता बौंद्रा के मंदिर का लूट के बाद दौरा किया। उन्होंने मारे गए चौकीदार हीरा लाल के घर पहुंच कर संवेदना व्यक्त की। बुधवार को दौर पर विधायक के साथ कांग्रेस मंडल अध्यक्ष ईश्वर दास छवारू, पंचायत समिति अध्यक्ष रविंद्र रवि, शक्ति लाल नेगी, जनार्दन नेगी, पंचायत समिति सदस्य रोशनी ठाकुर, राजेंद्र ब्राक्टू, विजय चौहान सहित पंचायत प्रधान तथा अन्य समर्थक भी उपस्थित थे।

Related posts