विधायक को न बुलाने पर हंगामा

चुवाड़ी (चंबा)। भटियात विस क्षेत्र के विधायक विक्रम सिंह जरियाल को सरकारी कार्यक्रमों में तरजीह न देकर पूर्व विधायक एवं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया को बुलाने पर विक्रम सिंह व उनके समर्थकों के सब्र का बांध टूट पड़ा है। शनिवार को ककीरा स्कूल में आयोजित जिला स्तरीय अंडर-19 स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में विधायक विक्रम सिंह जरियाल, भाजपा समर्थिक पंचायत प्रतिनिधि और उनके दर्जनों समर्थक पहुंचे और कांग्रेस सरकार व स्थानीय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ज्ञात रहे कि भटियात विस क्षेत्र के तहत आने वाले ककीरा स्कूल में आयोजित प्रतियोगिता में भी मुख्यातिथि के तौर पर कुलदीप सिंह पठानिया को ही बुलाया गया था। इसमें स्थानीय विधायक सहित ककीरा पंचायत के भाजपा समर्थित प्रतिनिधियों तक की उपेक्षा की गई। इस पर विधायक विक्रम सिंह व उनके समर्थक खासे नाराज थे। उन्होंने शुक्रवार शाम को ही सरकार व प्रशासन के इस रवैये का विरोध करने की योजना बना ली थी। मौके पर स्थानीय एसडीएम अमित मेहरा और डीएसपी डलहौजी रमन कुमार पुलिस बल के साथ तैनात दिखे। विधायक के साथ प्रदर्शन करने वालों में ककीरा की पंचायत प्रधान दुर्गेश नंदनी, घटासनी के प्रधान विजय गुरंग, ककीरा कस्बा के प्रधान उमेश महाजन, तुन्नू हट्टी के उपप्रधान अशोक कुमार, चुवाड़ी नपं के उपप्रधान दिव्य चक्षु, कुलेरा पंचायत के प्रधान विजय कुमार शामिल रहे। विक्रम जरियाल ने कहा कि प्रोटोकाल के हिसाब से स्थानीय विधायक को भी कार्यक्रम में बुलाया जाना चाहिए था। उन्होंनेकहा कि स्थानीय प्रशासन व विभागों के अधिकारी सरकार के दबाव में स्थानीय विधायक की उपेक्षा कर रहे हैं और एक हारे हुए प्रतिनिधि को तरजीह दी जा रही है। उधर, कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि स्थानीय विधायक को बुलाना खेलकूद समिति व विभाग की जिम्मेवारी थी। भाजपा सरकार के कार्यकाल में जब वह विधायक थे तो भी उन्हें कई कार्यक्रमों में नहीं बुलाया जाता था। उन्होंने कहा कि स्थानीय विधायक विकास कार्यों में रोड़ा अटका रहे हैं और बौखलाहट में औछी राजनीति पर उतर आए हैं। उन्होंने कहा कि विधायक को चाहिए कि वे उद्घाटनों में बैठने के बजाय विस में बैठ कर भटियात की जनता की आवाज उठाएं।

Related posts