विधायक के पत्र पर प्रधानाचार्य की ना

सरकाघाट (मंडी)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चोलथरा में स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाने की अनुमति न मिलने से बखेड़ा खड़ा हो गया है। धर्मपुर के विधायक महेंद्र सिंह ठाकुर की ओर से स्कूल ग्राउंड में स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाने की अनुमति के लिए स्कूल प्रशासन को पत्र लिखा गया। स्कूल प्रधानाचार्य ने विभाग के उच्च अधिकारियों के आदेश पर अनुमति देने की बात कही है। इस पर कई पंचायत प्रतिनिधियों ने रोष जताया।
विधायक महेंद्र सिंह ठाकुर ने 10 अगस्त को स्कूल के प्रधानाचार्य को लिखे पत्र में कहा है कि पिछले तीन दशकों से स्वतंत्रता दिवस पाठशाला प्रांगण में मनाया जाता है। इसके लिए उन्हें अनुमति दी जाए। स्कूल परिसर में शहीदों को श्रद्धांजलि देने का कार्यक्रम है। समारोह में सांसद अनुराग ठाकुर भी आ रहे हैं।
इधर, जिला परिषद सदस्य वंदना गुलेरिया, बीडीसी सदस्य कुसुम शर्मा, चोलथरा पंचायत के उप प्रधान प्रवीण बंधु, बसंतपुर पंचायत की प्रधान आशा कुमारी, महिला मंडल रोपड़ की प्रधान गीता देवी, चोलथरा की शीतल, पूर्व प्रधान भाग सिंह का कहना है कि जब वे विधायक का पत्र लेकर प्रधानाचार्य के पास गए तो उन्होंने अनुमति देने से मना किया। उन्होंने पत्र पर लिख दिया कि यदि उच्च अधिकारी कहेंगे तो तभी समारोह मनाने की अनुमति देंगे।
विधायक महेंद्र सिंह का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के दिन सांसद अनुराग ठाकुर की अगुवाई में कारगिल शहीद कैप्टन दीपक गुलेरिया, शहीद प्रदीप ठाकुर को श्रद्धांजलि देकर उनके परिवारों को सम्मानित करेंगे। स्कूल प्रशासन को इसकी अनुमति देनी चाहिए। स्कूल के प्रधानाचार्य रमेश ठाकुर का कहना है कि विभाग के उच्च अधिकारियों को स्थिति से अवगत करवा दिया है, जो भी आदेश होंगे। उसकी अनुपालना की जाएगी। इधर, एसडीएम रोहित राठौर ने कहा कि वे अवकाश पर हैं। मंगलवार को कार्यालय आएंगे। उसके बाद मामले को लेकर कार्रवाई की जाएगी।

Related posts