
पालमपुर (कांगड़ा)। विधानसभा अध्यक्ष बृज बिहारी बुटेल ने माना कि उनके सामने बड़ी चुनौती है कि वह कैसे विधानसभा का बेहतर तरीके से संचालन कर सकें। कुछ नया कर सकें। प्रदेश विधानसभा में अपने पहले बजट सत्र की बातों को साझा करते हुए बुटेल ने कहा कि उन्हें विस के संचालन में सत्ता पक्ष के साथ विपक्ष का सहयोग भी मिल रहा है।
उनका कहना था कि विस अध्यक्ष होने के नाते उनका फर्ज है कि विपक्ष को भी बोलने का समय दिया जाए और यह पहला मौका है जब किसी विस में विपक्ष को बोलने का पूरा मौका मिला है। विधानसभा अध्यक्ष होने के नाते बुटेल ने भले ही मीडिया से सामने कई बातेें रखी हों। लेकर अपने पद की मर्यादा को देख उन्होंने किसी पर कटाक्ष करने के बजाए सरकार की नीतियां और विकास पर ही मुख्य मुद्दा रखा। कहा कि विकास की कोई छत नहीं होती, जितना विकास किया जाए उतना ही कम है। लेकिन साथ ही इतना जरूर कहा कि वह विकास पर विश्वास रखते हैं, प्लेट लगाने का उन्हें कोई शौक नहीं है। जबकि औपचारिकता भरी बातों में उनके मन में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को लेकर टीस उभर आई कहा कि उनके दिल में वीरभद्र सिंह के प्रति जितना प्यार पहले था, वह आज भी कम नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि दिली तौर पर वह पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार व प्रेम कुमार धूमल की भी इज्जत करते हैं। लेकिन उनकी नीतियों से मतभेद हैं।
