विद्युत बोर्ड में कर्मचारियों की संख्या में कमी

घुमारवीं (बिलासपुर)। विद्युत तकनीकी कर्मचारी महासंघ ने विद्युत बोर्ड में घट रही कर्मचारियों की संख्या पर चिंता जताई है। महासंघ का कहना है कि तकनीकी कर्मचारियों के साथ हो रही दुर्घटनाओं के चलते इन कर्मचारियों में कमी आ रही है।
विद्युत तकनीकी कर्मचारी महासंघ का स्थापना दिवस उपमंडल मुख्यालय स्थित नाहर सिंह मंदिर घुमारवीं प्रांगण में मनाया गया। इसकी अध्यक्षता जिला अध्यक्ष वासुदेव शर्मा ने की। विद्युत तकनीकी कर्मचारी महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी अजमेल सिंह वर्मा तथा राममूर्ति भार्गव ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि विद्युत बोर्ड में तकनीकी कर्मचारियों को बिजली रखरखाव के लिए जिन वस्तुओं की आवश्यकता पड़ती है। उसकी कमी चल रही है। इसके चलते तकनीकी कर्मचारी कई बार दुर्घटनाओं का भी शिकार हो जाते हैं। यही नहीं, जो सामान उपलब्ध करवाया जा रहा है। वह भी कम गुणवत्ता का है। इस कारण विद्युत आपूर्ति में बाधा आ रही है। बोर्ड अधिकारियों को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस वर्ग की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो इसके गंभीर परिणाम होंगे। इस मौके पर संघ सचिव रणजीत सिंह, भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महासचिव शिवराम सांख्यान, जिला सचिव सुरेश कुमार शर्मा, घुुमारवीं इकाई के प्रधान प्रेमलाल, सदर इकाई के प्रधान केहर सिंह चंदेल सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।

Related posts