
पिथौरागढ़। डॉन बास्को पब्लिक स्कूल में इंटर में विज्ञान विषय नहीं मिलने से अभिभावकों में नाराजगी है। इनमें से कई अभिभावकों ने स्कूल में जाकर विद्यालय प्रबंधन के सम्मुख विरोध जताया। इस संबंध में जिलाधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा गया है।
अभिभावकों का आरोप है कि विद्यालय ने हाईस्कूल के 103 छात्रों में से मात्र 45 को ही 11वीं में विज्ञान विषय में प्रवेश दिया है। इससे शेष बच्चों को दाखिले की समस्या पैदा हो रही है। अभिभावकों ने प्रशासन से भी विद्यालय प्रबंधन को सभी छात्रों को प्रवेश दिलाने के लिए हस्तक्षेप करने का आग्रह किया। मंगलवार को राम पूरन प्रसाद, निर्मल चौधरी समेत कई अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन के सम्मुख विरोध जताया।
उधर डॉन बास्को के फादर राजेश का कहना है कि इंटर विज्ञान में 50 सीटें हैं। विज्ञान विषय में लिखित परीक्षा में 70 प्रतिशत और उससे अधिक अंक लाने वाले छात्रों को ही प्रवेश दिया गया है। शेष छात्रों को कामर्स का विकल्प दिया गया है।
