
सुंदरनगर (मंडी)। उपमंडल के डैहर स्थित विवेकानंद पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित विज्ञान मेले में नवजोत, चिराग, विवेक, मनुजा के हाइड्रो प्रोजेक्ट को प्रथम स्थान हासिल हुआ है। शुभारंभ राज्य सहकारी बैंक के डैहर शाखा के प्रबंधक प्रेम सिंह ठाकुर ने किया। प्रधानाचार्य रमेश वर्मा ने बताया शनिवार देर शाम तक चले इस मेले में स्कूल के 266 छात्र-छात्राओं के 46 समूहों ने भाग लिया। मेले में बच्चों की ओर से लगाई गई विभिन्न प्रदर्शनियों और मॉडल को सबने खूब सराहा। कृतिका और दीपिका के बनाए क्रिस्टल लेटिस को दूसरा स्थान हासिल हुआ। संगीता, किरन और अंकिता के वर्किंग ऑफ लंग्स को तृतीय स्थान हासिल हुआ। उन्होंने बताया कि नवजोत, विवेक, चिराग व विकास की ओर से तैयार किए गए हाइड्रो प्रोजेक्ट जिसे सुंदरनगर ब्लॉक स्तर पर चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस में दूसरा स्थान हासिल हुआ।
विज्ञान मेेले में शिविका राणा, सृष्टि शर्मा, शिल्पा, सूरज, शालू, प्रतिक्षा, गोपाल, अमन, रिंकी, मिलिन, निधि, मानसी एवं प्रियंका की ओर से बनाए गए मॉडलों को श्रेष्ठ आंका गया। मुख्यातिथि प्रेम सिंह ठाकुर ने स्कूल प्रबंधन को विज्ञान मेले के सफल आयोजन के लिए बधाई दी। इस मौके पर जिला परिषद सदस्य बैरागी राम, व्यापार मंडल डैहर के प्रधान मनोहर लाल चड्डा, सीसे स्कूल डैहर के प्रधानाचार्य सीता राम बंसल ने भी बच्चों का मार्गदर्शन किया।
