विज्ञान प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर

पधर (मंडी)। भारतीय शिक्षा समिति के सौजन्य से विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन एसेंट पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल गवाली में किया गया। अध्यक्षता एडिशनल असिस्टेंट इंजीनियर पधर तेज राम ने की। समारोह में एसेंट पब्लिक स्कूल पधर तथा जोगिंद्रनगर के लगभग 50 छात्रों ने भाग लिया। प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य ऊर्जा निर्माण एवं संरक्षण था। प्रतियोगिता में दोनों विद्यालयों के चार हाउस पधर एसेंट स्कूल के शिवाजी, टैगोर, अशोक और रमन तथा जोगिंद्र नगर एसेंट स्कूल के लोट्स, ट्यूलिप, डेफोडिल और मेरीगोल्ड शामिल रहे। जूनियर विंग में प्रथम स्थान ट्यूलिप हाउस एसेंट स्कूल जोगिंद्रनगर, दूसरा स्थान शिवाजी हाउस पधर तथा तृतीय स्थान पर अशोक हाउस पधर रहा। सीनियर विंग में लोट्स हाउस जोगिंद्रनगर प्रथम, शिवाजी हाउस द्वितीय तथा मेरी गोल्ड हाउस तृतीय स्थान पर रहा। इस दौरान विजेता छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय के संचालक लक्की ठाकुर ने बच्चों के सभी मॉडलों की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में भी इस तरह की प्रतियोगिता में वे बढ़-चढ़कर भाग लें।

Related posts