विजिलेंस का छापा, बिजली चोरी करते तीन पकड़े

अल्मोड़ा। बिजली विभाग की देहरादून से आई विजिलेंस टीम ने नगर में कई स्थानों पर छापे मारे। इस टीम ने नगर में तीन लोगों को बिजली चोरी करते पकड़ लिया। विद्युत विभाग ने तीनों लोगों के खिलाफ पुलिस में विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत एफआईआर दर्ज करा दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बिजली चोरी करने के आरोप में चंपानौला निवासी कामिनी कश्यप पुत्री अंबा नाथ, लाला बाजार निवासी राजेश कुमार अग्रवाल पुत्र कन्हैया लाल अग्रवाल, नियाजगंज निवासी तनवीर आलम पुत्र मजमा तुल्ला को विजिलेंस टीम ने बिजली चोरी करते पकड़ लिया। विद्युत कारपोरेशन के सहायक अभियंता मनोज तिवारी की रिपोर्ट पर पुलिस ने इन तीनों के खिलाफ विद्युत अधिनियम की धारा 135 में मामला दर्ज कर लिया है। श्री तिवारी ने बताया कि तीनों लोगों से जुर्माना भी वसूला जाएगा। विभाग को आशंका है कि यह लोग लंबे समय से बिजली चोरी कर रहे थे। जुर्माने का आकलन बाद में किया जाएगा।

Related posts