
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रशासन की ओर से विजयनगर मेें भवन के अवशेष गिराने के कारण शुक्रवार को दिनभर यातायात अवरुद्ध रहेगा। इसके तहत प्रशासन की ओर से बांसवाड़ा और रुद्रप्रयाग से रूट डायवर्ट करने का निर्णय लिया गया है।
आपदा से विजयनगर और पुराना देवल में कई भवन ध्वस्त हो गए थे, जबकि कुछ भवनों के अवशेष पहाड़ियों पर अटके हैं। भवनों के अवशेष नीचे सड़क में आने-जाने वाले लोगोें के लिए खतरा बने हुए हैं। इसे देखते हुए एसडीएम कोर्ट ने पिछले दिनों भवनों के अवशेष ध्वस्तीकरण के निर्देश दिए थे। इसके अनुपालन में प्रथम चरण में एक भवन की ऊपरी मंजिल को तोड़ा गया था। शुक्रवार को पुन: उक्त भवन की पहली मंजिल को ध्वस्त किया जाएगा। सुरक्षा की दृष्टि से ऐतिहात बरतते हुए प्रशासन ने इस दौरान विजयनगर में ट्रैफिक बंद करने के निर्देश दिए हैं।
एसडीएम सदर चतर सिंह चौहान ने बताया कि शुक्रवार सुबह आठ से शाम पांच बजे तक विजयनगर में यातायात अवरुद्ध रहेगा। लोगों की सुविधा के लिए रुद्रप्रयाग-केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग का ट्र्रैफिक डायवर्ट किया जा रहा है। ऊखीमठ, गुप्तकाशी और रुद्रप्रयाग के वाहन रुद्रप्रयाग-मोहनखाल-चंद्रनगर- बांसवाड़ा मोटर मार्ग से आवाजाही करेंगे।
